छौना पत्रकार हूं, सो पत्रकारिता अभी सिर चढ़कर बोलती है। पिछले साल दीवाली को दफ्तर पहुंचते ही आदेश हुआ कि उत्तम नगर चले जाओ, वहां कुम्हारों की बस्ती है। दीपावली पर विशेष सामग्री इकट्ठी करनी है तुम्हें। उछलता-कूदता मैं पहुंच गया स्पॉट पर। कुछ पूरे कच्चे, कुछ आधे कच्चे घर। उन पर ढेर के ढेर मिट्टी के बने दीये, झूमर, लक्ष्मी, गणेश समेत कई अन्य सामान। देखकर जी खुश हो गया। दाम-वाम पूछे। साथ में फोटोग्राफर था। वो तो मानों इस नजारे को देखकर काबू में नहीं थे। कहीं कच्चे चूल्हों के पास बैठी महिलाएं को अपने कैमरे में कैद करते तो कहीं चाक पर घूमती उंगलियों को। नजारा भी अद्भुत था। कई महिलाएं और बच्चे गीली मिट्टी के ढेर को पैरों से रौंधने में लगे थे। माटी कहे कुम्हार से तू क्यों रौंधे मोह..इस दृश्य को देखकर यही पंक्तियां याद आ रही थीं। अब बारी थी, कुछ प्रसिद्ध कुम्महार परिवारों से मिलने की। ग्रामीण परिदृश्य को देख प्रफुल्लित होने के बाद अब बारी चौैंकने की थी। कॉलोनी में कुछ ऐसे परिवार थे, जिनके हुनर को पूर्व राष्ट्रपतियों ने सराहा था। उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के सर्टिफिकेट भी मिले थे। लेकिन अब उनके आगे की पीढ़ी इस काम को अपनाना नहीं चाहती थी। इससे ज्यादा ताज्जुब तब हुआ जब परिवार के बुजुर्ग भी नई पीढ़ी के इन विचारों से सहमत थे। वो भी नहीं चाहते थे कि उनके बच्चे इस काम में लगें। मैंने एक बुजुर्ग से पूछा अगर आप लोग ऐसा करेंगे तो धीरे-धीरे यह हुनर लुप्त हो जाएगा। इससे देश अपनी एक पारंपरिक विरासत से वंचित हो जाएगा। जी होता है तो हो। फिर आपको तो सर्टिफिकेट भी मिले हैं। सर्टिफिकेटों से पेट नहीं भरता। हुनर को सराहने से काम नहीं चलता। हमारा हुनर और मेहनत मिट्टी के भाव खरीदकर व्यवसायी चार गुना दामों में बेचते हैं। इन बच्चों को इस काम में डालकर उनके भविष्य को मिट्टी में नहीं मिलाना चाहते हैं। अब मेरे पास कोई जवाब नहीं था। उस बुजुर्ग के चेहरे से हटकर मेरी नजर उन दीपकों पर जाकर टिक गई, जो खास दीपावली के लिए बनाए गए थे। कसीदाकारी किए दीये। तरह-तरह की आकृति। मैंने कुछ अपने लिए कुछ दोस्तों के लिए दीवाली की शुभकामनाएं देने के लिए बतौर उपहार देने की नियत से दीपक खरीद लिए। घर पहुंचा घर वालों औैर पड़ोसियों ने दीपकों को खूब सराहा। इन दीयों ने उजाला भी बिखेरा। जलते दीयों को देखकर मैं उस हुनरमंद कुम्हार की बातें याद कर रही थी और जब ये कुम्हार मर जाएगा तो दीपक कौन बनाएगा। सवाल उठ रहा था मन में आखिर चिराग तले अंधेरा क्यों?
Tuesday, October 25, 2011
चराग तले अंधेरा क्यों?
Monday, October 24, 2011
अनसुलझा ! मसला-ए-जन
त्रिया चरित्र समझना मुश्किल है। ऐसी पहेली जो अब तक अबूझ है। इस रहस्य की थाह तो अब तक नहीं पाई जा सकी। महिलाओं के बारे में पुरुषों का सोचना कुछ ऐसा है। कुछेक दिन पहले मौज-मस्ती के मूड से मैं अपने दोस्तों से मिलने पहुंची। राजनीति, संस्कृति जसे मुद्दों पर चर्चा हुई पर सबसे ज्यादा समय औरतों के चरित्र व्याख्यान में बीता। हिसाब लगाकर देखा तो हम लोग तकरीबन चार घंटे साथ रहे। इसमें करीब ढाई घंटे महिलाओं के रहस्य को उजागर करने के लिए जुलाहों में लट्ठम-लट्ठा हुआ। कल दफ्तर पहुंची तो मेरे एक सहयोगी ने भी औरत चरित्र को रहस्यात्मक बताकर परेशानी जाहिर की। उन्होंने पुरानी कहावतों का हवाला देकर कहा कि जब बड़े-बड़े बुद्धिजीवी, बादशाह तक इसे नहीं समझ सके तो फिर हम तो आम हैं। शाम हुई चाय के लिए दोस्तों के साथ दफ्तर एक खोखे में पहुंची। एक बार फिर चर्चा के कें्र में महिलाएं थीं। हालांकि इससे पहले भी मैंने अपने पुरुष मित्रों के भीतर इस रहस्य को उजागर न कर पाने की कसमसाहट देखी है। ये चर्चाएं हाल ही में हुईं सो जिक्र कर दिया। मैं महिलावादी नहीं हूं और उन चर्चाओं से मैं अक्सर कन्नी काट लेती हूं, जिनके विषय मनगढ़ंत होते हैं। औरत के विषय में भी मेरा मानना यही है कि महिलाओं पर बने जुमलों में से अधिकतर सुविधानुसार गढ़े गए हैं, इन्हें गढ़ने में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं। रात को काम खत्म किया, कैंटीन में पहुंची। फिर मेरे पुरुष मित्रों ने अपना पसंदीदा राग छेड़ा। मतलब राग-ए-औरत। मेरे लिए यह मुद्दा कभी गरम नहीं रहा। लेकिन न जाने क्यों आज रहा नहीं गया और मैं भी इसका हिस्सा बन गई। मैंने कुछ इस अंदाज में बोलना शुरू किया। मैं एक महिला हूं लेकिन मैं फिर भी किसी भी पुरुष या फिर महिला को सौ फीसदी समझने का दावा नहीं कर सकती। मां, पिता, भाई- बहन और मेरे बेहद अजीज रहे पुरुष और महिला दोनों ही मित्रों को आज तक मैं पूरी तरह से समझ नहीं पाई। अपने एक मित्र की तरफ इशारा करके मैंने कहा क्या तुम अपने फलां पुरुष मित्र को पूरी तरह समझने का दावा कर सकते हो? मेरा मानना है कि हर चरित्र व्यक्तिगत होता है। फर्क नहीं पड़ता कि वो मर्द का है या औरत का। कुछ और जोश आया, दरअसल औरत शुरू से ही नगरपालिका की जमीन रही है, जिसने चाहा खूंटा गाड़ दिया। व्यक्तिगत तौर पर मैं इसके लिए पुरुषों को पूरी तरह से जिम्मेदार नहीं ठहराती। अब सबके बस की बात नहीं कि वो देश की राजनीति पर कोई सार्थक टिप्पणी करे, अर्थ जसे गंभीर मुद्दे पर कुछ कहे, खेल पर कुछ बोले। किसी खास महिला की बात हो तो ठीक है, लेकिन उन्हें अपवाद मानकर चर्चा में रखा ही नहीं जाता। मेरा इतना कहना था कि वही हुआ जिसका मुङो अंदेशा था। उसने मुझ पर महिलावादी होने का ठप्पा लगा दिया। और बेहद रसीले अंदाज में कहा भई हम भी कब इस पर्दे को उठाना चाहते हैं। कई फुहड़ की तरह इस पर भी मैंने ध्यान नहीं दिया। वहीं बैठे शायर टाईप दोस्त ने कहा, हजार हकीमों ने समझाया पर ये मसला-ए-जन रहा वहीं का वहीं। मेरी एक दूसरी महिला मित्र ने जवाब दिया। जी पहले तो उन हकीमों की सूची लाओ, जिन्होंने पूरी जिंदगी महिलाओं पर शोध करके गुजारी हो। मेरे मुंह से बस इतना ही निकला लाजवाब!
Saturday, October 15, 2011
Friday, October 14, 2011
Tuesday, July 27, 2010
Monday, June 14, 2010
दुल्हन को नहीं जचा दूल्हा
उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर के कछवां थाना क्षेत्र के करसडा गांव में दूल्हे की सूरत देखकर दुल्हन बिदग गई। मां-बाप, गांव-टोला की मानमनौव्वल के बाद भी लड़की ने शादी करने से साफ मना कर दिया। लड़के वालों ने अपनी इज्जत का हवाला देकर लड़की को अपना फैसला वापिस लेने के लिए कहा, लड़की फिर भी नहीं मानीं। थक-हार का पंचायत बैठी और लेन-देन की रकम वापिस दे-दिवाकर बारात वापस लौटा दी गई। मतलब दुल्हा बैरंग ही वापिस चला गया। घटना बड़ी नहीं है, मगर जिस जगह यह वाकया पेश आया उस छोटे से गांव को कोई जानता भी नहीं। लड़की का सरेआम लड़के की शक्ल-ओ-सूरत पर एतराज बरतनकर उसे बाहर का रास्ता दिखाना एक साहस का काम तो है। क्योंकि शादी के नब्बे फीसदी मामलों में पसंद नापसंद का अधिकार आज भी वर पक्ष को है। लड़के के बाप को दहेज पसंद आना चाहिए, मां को लड़की के गुण और फिर लड़के को लड़की पसंद आनी चाहिए। मतलब दहेज, गुण, खुबसूरती इन तीनों को मिला जुला कर जो कुछ भी बने वही है, दुल्हन। मतलब दुल्हन वही जो सास, ससुर और पिया मन भाए। वर बनने के करीब पहुंचे दूल्हे पर वाकई बहुत बुरी गुजरी होगी। लड़के के दुख से मैं भी दुखी हूं, लेकिन यह बदलाव है। गांव की गोरी जब काले दूल्हे को अंगूठा दिखा सकती है, तो शहर की छोरियां बाप रे बाप।
घटना को थोड़ा गंभीरता से लें तो इसके कई मायनें हैं। पहले भी बारातें लौटती थीं लेकिन वापिस लौटने के सौ में से निन्यानवे मामलों में लड़के वाले दहेज की मांग पूरी न होने पर लड़की वाले को उठ जाने की धमकी देते थे। वर्ष 2001 में राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी फिल्म लज्जा में दुल्हन का पिता दुल्हन के पिता को बार-बार उठ जाने की धमकी देता है, दुल्हन यह बात सुन लेती है और प्रेमी से दुल्हे बने लड़के को यह बताती है, दुल्हा यह कहते हुए पल्ला झाड़ लेता है कि मामला बड़ों का है। आखिरकार लड़की व्रिोह कर देती है। इससे पहले और इससे बाद में न जाने कितनी फिल्मों में इस दृश्य को दोहराया गया। फिल्मों से बाहर भी ऐसी घटनाएं बार -बार होती रहीं। हालिया कुछेक घटनाओं में दुल्हन ने दुल्हे को बैरंग वापिस भी किया। लेकिन मौजूदा घटना शहर से दूर एक ऐसे गांव की है, जिसके बारे में कम ही लोग जानते होंगे। दुल्हे को बैरंग लौटते वक्त गुस्सा भी आया होगा और दुख भी लगा होगा। यह जायज भी है। खैर पूरी घटना का जिक्र मैंने नारी सशक्तिकरण की मिसाल देने के लिए नहीं किया है। जब दूर-दराज में रहने वाली कोई लड़की इतना बड़ा कदम उठा सकती है, तो दिल्ली के सटे हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खाप पंचायतों के खिलाफ स्थानीय युवा और युवतियां क्यों खामोश हैं। अपने ही दोस्त, भाई-बहन के लिए जारी तुगलकी फरमानों के खिलाफ बोलने के लिए कोई क्यों नहीं आगे आता। हालांकि खाप पंचायतों का तर्क गलत है या सही है, इस पर अलग से चर्चा हो रही है और होनी भी चाहिए। करसडा गांव की सीधी-साधी लड़की शादी जसे अहम फैसले में अपनी राय बड़ों को मनवा सकती है, तो...यहां क्यों नहीं।




